Live Wire News literary portal with Gulmohar and Rajnigandha flowers

हटिया जन्माष्टमी पूजा समिति द्वारा भव्य काव्य महोत्सव

रांची

हटिया जन्माष्टमी पूजा समिति की ओर से हटिया रेलवे कॉलोनी स्थित डीआरएम ऑफिस के सामने बने पूजा पंडाल में छह दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में समिति द्वारा भव्य काव्य महोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, सचिव चंदन यादव और वरीय अध्याय अध्यक्ष डॉ. रजनी शर्मा के संयोजन में आयोजित इस कवि सम्मेलन में सभी आमंत्रित अतिथियों को राधे नाम अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं पुष्प पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. रजनी शर्मा ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना से किया। कवि सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ कवयित्री डॉ. सुरिंदर कौर नीलम ने की। उन्होंने अपनी रचना “जब मुरली बजी नटखट श्याम की, राधे-राधे हवाओं में होने लगी” प्रस्तुत कर माहौल को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर सदानंद सिंह यादव ने देशभक्ति पर आधारित मुक्तक व सोहर गीत गाए, पुष्पा सहाय गिन्नी ने कृष्ण प्रेम और विरह की भावपूर्ण अभिव्यक्ति की, वहीं सचिन शर्मा ने हवाईन गिटार पर शिव भजन और गीतों से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. रजनी शर्मा चंदा ने “कन्हैया तेरी बंसी पर मैं बलिहारी…” सुनाकर मंच को मंत्रमुग्ध कर दिया। जमशेदपुर से आईं निवेदिता श्रीवास्तव गार्गी और जादूगोड़ा से आए कृष्णा आज़मगढ़ी की प्रस्तुतियों को भी खूब सराहा गया।
इसके अलावा सविता सिंह मीरा, डॉ. अरविंद कुमार तिवारी और अन्य कवियों ने भी अपनी शानदार रचनाओं से श्रोताओं का मन मोह लिया।कार्यक्रम में मशहूर इन्फ्लुएंसर शुभम सुदेव तथा उनकी माताजी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत कर सम्मानित किया गया। अंत में अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यकारिणी टीम के योगदान की सराहना की। महोत्सव में सैकड़ों श्रोता उपस्थित रहे और अंत में सभी ने महाभोग प्रसाद का आनंद लिया।

रांची से डॉ. रजनी शर्मा की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *