
पद्मा मिश्रा. जमशेदपुर
कल्पना को गीत का आधार दे दो,
यामिनी को रूप का आभार दे दो।
शीत की ठिठुरन घुली है अब हवा में,
दिवस हैं लघु, रातें लंबी-सी फ़िज़ा में।
चंद्रिका जब पिघलती हो भोर नभ में,
स्वर्ण सूरज को हृदय का प्यार दे दो।
मास कार्तिक का सहज आह्वान करता,
श्री विष्णु की अभ्यर्थना का गान करता।
दीपकों की वर्तिका में स्नेह का प्रतिदान देकर,
आज गंगा-धार को स्वर्णिम लहर, गति प्रदान दे दो।
रोशनी यह पूर्णिमा के चाँद-सी,
चाँदनी बन तुम इसे शृंगार दे दो।
भावनाओं में समर्पित स्नेह मेरा,
नामित नयनों में छिपा आभार दे दो।
सूर्य षष्ठी की नई आशा जगाती,
कामना का नित्य नूतन गान रचती।
आज सम्मुख याचना के स्वर सजे हैं,
हे देव! मन की कामना को सार दे दो।
कल्पना को गीत का आधार दे दो,
कल्पना को गीत का आधार दे दो।
यामिनी को रूप का आभार दे दो।
