
मंजू जैन, इंदौर
हमने सीखा था
घड़ियों के अलार्म पर उठना
स्कूल के लिए जाते हुए सुनना
घड़ी देखो,
जल्दी करो,
वक़्त निकल रहा है।
फिर कॉलेज,
आगे काम पर जाते समय
टिकी रहती निगाहें घड़ी पर।
कुछ करने से पहले,
करने के बाद भी
ध्यान वहीं जा टिकता।
सूरज उदय भी हो रहा था
और अस्त भी,
चिड़ियाँ भी चहचहा रही थीं,
धरती अपनी धुरी पर
लगातार घूम रही थी।
और मैं समझती रही हमेशा
वक़्त घड़ियों में बंद है।

बहुत यथार्थ लिखा है आप ने, बधाई आपको