gulmohar

सेवा

: बीमार बहू राखी के पास बैठी उसकी सास और पति सुनील, जो परिवार में सेवा और अपनत्व का भाव दर्शाते हैं। अपनों की तकलीफ में उनके साथ खड़ा होना ही सच्ची सेवा है।

मीनाक्षी वर्मा

राखी बहुत बीमार थी। रात से उसे बुखार चढ़ा हुआ था। उसका पति सुनील उसके सिरहाने ही बैठा रहा। माथे पर ठंडी पट्टी रखी, दवा खिलाई और सिर दबाता रहा।

सुनील की माँ झाँककर चली गईं। जाते हुए बुदबुदाईं, “अरे, ऐसा क्या हुआ है? बुखार ही तो है। गोली दे दे, ठीक हो जाएगी।”

लेकिन सुनील ने अनसुना कर दिया और बिस्तर पर बैठा रहा। सुबह चार-पाँच बजे जाकर सोया होगा। सुबह उठा तो राखी को चेक करने के बाद बाथरूम चला गया।

सुनील की माँ ने चाय बनाई तो दो ही कप बनाए। आवाज देने लगीं, “सुन सुनील, चाय ले जा।”

सुनील ने देखा कि एक ही कप चाय रखी है तो मुँह बनाकर बोला, “अरे माँ, उसकी भी चाय बना देतीं। वह बीमार पड़ी है।”

“अरे, मैं क्यों बनाऊँ! अब तो ठीक हो गई होगी। खुद बना लेगी!”

“नहीं माँ, अभी वह ठीक नहीं है। अभी बुखार उतरा है। उसके शरीर में जान नहीं है कि वह चाय-नाश्ता बना सके।” सुनील ने समझाया।

माँ फिर भी मुँह बनाती हुई अपने कमरे में चली गईं।

“देख ले बेटा, इस उम्र में मुझसे नहीं होता। अपना नाश्ता बना लेना। पिंकी को स्कूल भेजना है, तू ही तैयार करना। मेरा तो सत्संग का टाइम हो रहा है। मैं जा रही हूँ मंदिर।”

बोलकर सुनील की माँ ने दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर में टोकरी उठा, राम-राम बोलती हुई घर से निकल गईं।

दो घंटे बाद वापस आईं तो राखी सोफे पर ही बैठी थी। पीठ के पीछे टेक लगाकर बैठी राखी के साथ सुनील भी बैठा था।

सुनील ने माँ को रोककर कहा, “कल को तुम बीमार पड़ो तो राखी से मत कहना कि तुम्हारी सेवा करे, क्योंकि तुमने भी उसकी कोई सेवा नहीं की।”

“अरे, ऐसे क्यों बोल रहा है? और मैं इसकी सेवा क्यों करूँ?”

“माँ, घर के लोगों को एक-दूसरे की सहायता करनी चाहिए। इसमें छोटे-बड़े वाली बात नहीं होती। सभी एक समान हैं।

और तुम खुद औरत हो, क्या दूसरी औरत का दुख तुम्हें समझ नहीं आता? वह भी माँ है। तुम मंदिर जाकर माँ की पूजा करती हो, घर में माँ बैठी है, तुम उसके पास भी तो बैठ सकती थीं!

अगर बहन सुशीला होती, तब भी क्या तुम उसे बीमार छोड़कर मंदिर चली जातीं?” सुनील बोला।

“नहीं बेटा, ऐसा क्या कहते हो! भगवान न करे, सुशीला कभी बीमार पड़े।” माँ रुआँसी होकर बोलीं।

“माँ, जब सुशीला के लिए बोलने भर से परेशान हो गईं तो क्या राखी के लिए परेशान नहीं हो सकतीं?” सुनील ने कंधे पर हाथ रखकर समझाया।

“बेटा, तू ठीक कहता है। मेरी ही गलती है। मुझे बहू के पास बैठना चाहिए। एक-दूसरे का साथ देना ही असली सेवा है।”

यह कहकर माँ राखी के पास बैठ गईं और उसे गले लगा लिया।

4 thoughts on “सेवा”

  1. रिश्ते परस्पर सहयोग से बनते हैं और असहयोग से बिगड़ते हैं। बहुत अच्छा संदेश 👌💐

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *