साहित्यिक स्नेह से आलोकित हुआ आयोजन

मुंबई से पल्लवी रानी की रिपोर्ट
हृदय में स्नेह और सम्मान की भावना सर्वोपरि हो तो अभिव्यक्ति के लिए किसी भव्य मंच की आवश्यकता नहीं होती—इसी भाव को साकार करता एक सुंदर साहित्यिक आयोजन दिनांक 3 जनवरी 2026 को मुंबई के ठाणे स्थित ‘लोढ़ा अमारा’ सोसायटी में सम्पन्न हुआ। अवसर था बिहार के वरिष्ठ लेखक एवं एलआईबी लिटररी चैप्टर कविता साहित्य के सदस्य आदरणीय डॉ. अमरेन्द्र जी द्वारा रचित काव्य-पुस्तक ‘विशाखा’ के विमोचन का।
यह आयोजन ‘मिलकर प्रेरित करें बिहार’ की प्रेरक मशाल को आगे बढ़ाते हुए, एलआईबी लिटररी चैप्टर कविता साहित्य की सदस्य एवं गुजरात महिला विंग की संयोजक आदरणीय रोमा झा जी के सशक्त संयोजन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का कुशल एवं गरिमापूर्ण संचालन एलआईबी लिटररी चैप्टर कविता साहित्य की मुख्य समन्वयक पल्लवी रानी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुंबई के सुप्रसिद्ध साहित्यकारों एवं चिंतकों का सान्निध्य प्राप्त हुआ, जिनमें पवन तिवारी जी, अलका पाण्डेय जी, नीलिमा पाण्डेय जी, सत्यभामा सिंह जी, शिव कुमार सिंह जी तथा कविता झा जी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी साहित्यकारों के भावपूर्ण काव्य-पाठ ने कार्यक्रम को साहित्यिक ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
लोढ़ा अमारा के प्राकृतिक वातावरण में स्नेहिल मुस्कानों और हंसी-ठहाकों की फुहार के बीच ‘विशाखा’ का विमोचन एक अत्यंत स्मरणीय क्षण बन गया। रोमा झा जी के आत्मीय आतिथ्य, सुसंस्कृत अल्पाहार एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में यह आयोजन गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।
इस प्रकार बिहार की रोमा झा जी और पल्लवी रानी ने मिलकर एलआईबी के मंत्र“साहित्य, संकल्प, विश्वास और आप सभी का साथ आइए मिलकर प्रेरित करें बिहार” को साकार रूप देते हुए साहित्यिक चेतना को और अधिक आलोकित कर दिया।
