पुणे को मिलेगा नया सुकून का ठिकाना

15 फरवरी से खुलेगा पुणे रिवरफ्रंट, जानिए समय, सुविधाएं और पूरा प्लान

१५ फरवरी से खुलेगा रिवरफ्रंट, सुबह-शाम टहलने का मिलेगा मौका

पुणे: भागदौड़ भरी जिंदगी में सुकून के कुछ पल ढूंढ रहे पुणेकरों के लिए बड़ी खुशखबरी है. १५ फरवरी से पुणे नगर निगम शहर के बहुप्रतीक्षित रिवरफ्रंट डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का पहला हिस्सा आम लोगों के लिए खोलने जा रहा है. नदी किनारे बना यह नया सार्वजनिक स्थल सैर, योग, साइक्लिगं और परिवार के साथ वक्त बिताने के लिए खास तौर पर तैयार किया गया है.

संगमवाड़ी से बंड गार्डन तक खुलेगा रिवरफ्रंट का पहला हिस्सा
रिवरफ्रंट परियोजना को तीन चरणों में विकसित किया जा रहा है. पहले चरण में संगमवाड़ी से बंड गार्डन तक ३.७ किलोमीटर का रिवरफ्रंट बनाया गया है, लेकिन शुरुआती तौर पर नागरिकों को १.५ किलोमीटर का हिस्सा ही उपलब्ध कराया जाएगा. नगर निगम का कहना है कि काम की प्रगति के अनुसार बाकी हिस्से मार्च से धीरे-धीरे खोले जाएंगे.रिवरफ्रंट पर आने के लिए समय भी तय किया गया है. नागरिक सुबह ६ बजे से ९ बजे तक और शाम ५ बजे से ८ बजे तक यहां आ सकेंगे. नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह समय इसलिए चुना गया है ताकि लोग भीड़ और तेज धूप से बचते हुए आराम से रिवरफ्रंट का आनंद ले सकें.
बच्चों से बुजुर्गों तक, सभी के लिए कुछ खास
रिवरफ्रंट पर चौड़े वॉकिंग ट्रैक, साइकिलिंग पाथ, बैठने के लिए आरामदायक बेंच, छोटे-छोटे थीम गार्डन और खुले मैदान बनाए गए हैं. यहां परिवार बच्चों के साथ समय बिता सकेंगे, युवा साइक्लिगं और जॉगिंग कर सकेंगे, जबकि वरिष्ठ नागरिक शांत माहौल में सैर कर पाएंगे.हरियाली और साफ हवा पर खास जोर
इस परियोजना में हरियाली बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है. नदी किनारे बड़ी संख्या में पेड़ लगाए गए हैं, जिससे न सिर्फ सुंदरता बढ़ेगी बल्कि वायु गुणवत्ता में भी सुधार होगा. नगर निगम का दावा है कि यह रिवरफ्रंट शहर के लिए एक नया ग्रीन लंग साबित होगा.
जल्द बनेंगे थीम पार्क और रिक्रिएशन ज़ोन
मनपा ने रिवरफ्रंट के आसपास थीम पार्क विकसित करने की भी योजना बनाई है. इन पार्कों से नदी का सुंदर नज़ारा दिखेगा और ये स्थान लोगों के लिए फोटो स्पॉट और मनोरंजन का केंद्र बन सकते हैं.हालांकि, रिवरफ्रंट परियोजना को लेकर कुछ पर्यावरणविदों ने चिंता भी जताई है. उनका कहना है कि नदी के प्राकृतिक स्वरूप और जैव विविधता को नुकसान पहुंच सकता है. वे सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नदी की सफाई और संरक्षण पर अधिक ध्यान देने की मांग कर रहे हैं.फिलहाल, १५ फरवरी से खुलने वाला पुणे रिवरफ्रंट शहरवासियों के लिए एक नया अनुभव लेकर आ रहा है. देखना होगा कि यह परियोजना पुणे की जीवनशैली को कितना बदल पाती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *