gulmohar

देखा एक ख़्वाब तो ये सिलसिले हुए…

बारिश की रात खिड़की के पास बैठी महिला के हाथ में प्रेम पत्र का खाली लिफाफा। कुछ चिट्ठियाँ लिखी नहीं जातीं, वे जिंदगी में अपने आप उतर आती हैं।
suresh parihar editor

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वायर न्यूज़, पुणे

बारिश की आवाज़ खिड़की के शीशे पर लगातार दस्तक दे रही थी.रात के साढ़े दस बज चुके थे. रिद्धिमा बच्चों के कमरे से लौटकर अपनी मेज पर बैठी थी.घर के बाकी काम निपटाने के बाद उसे अक्सर यही कुछ समय मिलता था, जब वह अपने लिए होती थी.मेज पर किताबें बिखरी थीं.कुछ पढ़ी हुई, कुछ अधूरी और कुछ ऐसी, जिन्हें पढ़ने का इरादा कई महीनों से टलता आ रहा था.
उसने राघव की भेजी हुई किताब उठाई.कोलकाता से आया वह पार्सल कई दिनों से उसके पास रखा था.किताब के पन्ने पलटते हुए बीच में एक पुराना लिफाफा निकलकर उसकी गोद में आ गिरा.
लिफाफे पर नीली स्याही से लिखा था-मेरे सपनों के नाम
रिद्धिमा कुछ देर उसे देखती रही.लिफाफा खाली था.न कोई पता, न कोई तारीख और न ही भीतर कोई चिट्ठी.
उसने तुरंत राघव को संदेश भेजा.
तुम्हारी किताब में एक राज़ मिला है.
कुछ देर बाद जवाब आया…
किताब पढ़ने से पहले राज़ खोल लिया क्या?
लिफाफा मिला है.उस पर लिखा है- मेरे सपनों के नाम.अब बताओ, ये सपने किसके थे?
इस बार जवाब आने में थोड़ी देर लगी.
कभी-कभी कुछ बातें लिख तो दी जाती हैं, मगर उन्हें किसी तक पहुँचाने की हिम्मत नहीं होती.
रिद्धिमा ने फोन एक तरफ रख दिया.उसे लगा, आज की बातचीत शायद थोड़ी लंबी होने वाली है.
रात करीब ग्यारह बजे राघव का फोन आया.
वह लिफाफा तुम्हें कहाँ मिला?
तुम्हारी किताब में.खाली है.चिट्ठी कहाँ है?
राघव हँसा.
चिट्ठी कभी लिखी ही नहीं.बस एक खयाल था, जिसे लिफाफे में बंद कर दिया था.
किसी खास के लिए?
शायद किसी ऐसे के लिए, जिससे कभी मुलाकात नहीं हुई थी.उस समय लगता था कि दुनिया में कहीं कोई ऐसा भी होगा, जिससे बिना बहुत कुछ समझाए बात की जा सके.
रिद्धिमा चुप रही.
अब हँसो मत, राघव ने कहा.
नहीं हँस रही. सोच रही हूँ कि तुम पहले से इतने फिल्मी थे या किताबें पढ़ने के बाद हुए हो?
दोनों हँस पड़े.

उनकी पहचान भी तो कुछ ऐसी ही थी.सोशल मीडिया पर साहित्य की एक पोस्ट पर हुई छोटी-सी बहस से शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे रोजमर्रा का हिस्सा बन गई थी.कविता, किताबें, शहर, काम और जिंदगी की उलझनें… बातों के विषय बदलते रहे, लेकिन बातचीत का सिलसिला बना रहा.
रिद्धिमा के लिए यह रिश्ता किसी नए परिचय जैसा नहीं था.वह अपनी जिंदगी, घर और जिम्मेदारियों के बीच बहुत कुछ समेटकर चलती थी. राघव यह जानता था.उसने कभी उसकी दुनिया में अपनी जगह बनाने की जल्दबाजी नहीं दिखाई.
कभी-कभी वह सिर्फ इतना पूछ लेता था, आज अपने लिए भी कुछ समय निकाला या फिर पूरा दिन दूसरों के नाम रहा?
और रिद्धिमा को लगता कि किसी ने उसकी व्यस्तताओं के पीछे छिपी उस स्त्री को भी देख लिया है, जो कभी-कभी बिना किसी वजह के चुप रहना चाहती है.
अगले कुछ दिनों तक वह लिफाफा उसकी मेज पर रखा रहा.
एक शाम उसने उसकी तस्वीर खींचकर राघव को भेजी.साथ में लिखा
तुम्हारे अधूरे खयाल को अब पूरा कर देना चाहिए.
राघव ने जवाब दिया
कुछ अधूरी चीजें अधूरी ही अच्छी लगती हैं.
यह बात किताबों में अच्छी लगती है.जिंदगी में नहीं.
तो तुम ही बता दो, क्या लिखूँ?
रिद्धिमा ने काफी देर सोचा.फिर लिखा
कुछ ऐसा, जो पढ़ने वाले को लगे कि यह उसी के लिए लिखा गया है.
राघव ने उस संदेश का कोई जवाब नहीं दिया.
उस रात दोनों की बातचीत जल्दी खत्म हो गई.रिद्धिमा को अगले दिन सुबह जल्दी उठना था और राघव को कोलकाता में अपने काम पर जाना था.
लेकिन अगले दिन सुबह उसके फोन पर एक तस्वीर आई.एक सफेद कागज पर नीली स्याही से कुछ पंक्तियाँ लिखी थीं.
तुम्हें पाने की कोई जिद नहीं है,
तुम्हें खोने का कोई हिसाब नहीं.
बस इतना अच्छा लगता है कि
दिन के किसी हिस्से में
तुम्हारा खयाल आ जाता है.
नीचे राघव ने लिखा था
लिफाफे के लिए कुछ लिख दिया है.
रिद्धिमा ने पंक्तियाँ दोबारा पढ़ीं.फिर फोन रखकर रसोई में चली गई.चाय चढ़ानी थी, बच्चों को तैयार करना था और दिन के अपने काम भी थे.मगर उन पंक्तियों ने सुबह की भागदौड़ के बीच उसके भीतर एक छोटी-सी जगह बना ली थी.
उसने जवाब में सिर्फ इतना लिखा

अब लिफाफा खाली नहीं रहा.
दिन गुजरते रहे.
दोनों के शहरों के बीच की दूरी वैसी ही थी.कभी देर रात फोन पर बात होती, कभी किसी कविता की पंक्ति भेजकर दिन भर की खामोशी तोड़ दी जाती.कभी राघव किसी पुराने गीत का जिक्र करता और रिद्धिमा उसे सुनने का वादा करके भूल जाती.
उनकी बातचीत में अब एक नया सिलसिला जुड़ गया था.महीने में एक बार दोनों अपनी पसंद की कोई किताब चुनते और एक-दूसरे को भेजते.किताब के साथ कभी कोई छोटा-सा नोट होता, कभी किसी पन्ने पर पेंसिल से लगाया गया निशान.
रिद्धिमा ने एक बार पूछा भी था, तुम्हें लगता है कि ये सब हमेशा चलता रहेगा?
राघव ने कहा था, हमेशा का पता नहीं.लेकिन जब तक अच्छा लग रहा है, तब तक इसे अच्छा रहने देना चाहिए.
उसे राघव की यही बात पसंद थी.वह रिश्तों को किसी नाम या वादे में बाँधने के बजाय उन्हें उनकी सहजता में जीने की कोशिश करता था.
कुछ महीने बाद राघव का एक संदेश आया
अगले हफ्ते आपके शहर की तरफ आना हो रहा है. तुम्हारी किताब लौटानी है.
रिद्धिमा ने लिखा, किताब डाक से भी लौटाई जा सकती है.
मालूम है.लेकिन कुछ किताबें हाथों से लौटाना अच्छा लगता है.
रिद्धिमा मुस्कुराई.उसे पिछली मुलाकात याद आ गई.वह शाम, रेलवे स्टेशन की भीड़, पाँच बजे आती ट्रेन और राघव का प्लेटफॉर्म पर खड़ा इंतजार करना.पंद्रह दिनों की दूरी के बाद हुई वह मुलाकात उनके बीच किसी फिल्मी दृश्य की तरह नहीं, बल्कि दो परिचित आवाजों के पहली बार आमने-सामने आने जैसी थी.
इस बार उसने मिलने का कोई वादा नहीं किया.बस लिखा
देखते हैं, समय मिला तो.
राघव ने भी कोई आग्रह नहीं किया.
उस रात रिद्धिमा ने फिर वही पुराना लिफाफा निकाला.काफी देर तक उसे देखती रही.फिर अपनी डायरी से एक पन्ना फाड़ा और कुछ लिखा.
अगली सुबह उसने उस पन्ने को लिफाफे में रखा.
उसमें लिखा था- तुम्हारे सपनों में कोई अनजान चेहरा था.मेरे दिनों में भी एक खाली जगह थी, जिसे मैं कोई नाम नहीं देना चाहती थी. तुमसे बात करते हुए समझ आया कि हर रिश्ता साथ चलने के लिए नहीं होता, कुछ रिश्ते दूर रहकर भी जिंदगी के किसी हिस्से को बेहतर बना देते हैं.

तुम्हारी चिट्ठी का जवाब मेरे पास नहीं है.बस इतना है कि अब कुछ पंक्तियाँ पढ़ते हुए तुम्हारी आवाज़ सुनाई देने लगती है.
उसने नीचे तारीख लिखी और लिफाफा बंद कर दिया.
शाम को राघव का फोन आया.
तुम्हारा लिफाफा मिल गया.
खोल लिया?
हाँ.
कुछ कहना है?
दूसरी तरफ कुछ पल की खामोशी रही.
फिर राघव बोला, रिद्धिमा, तुम्हें पता है, पाँच साल पहले मैंने यह लिफाफा क्यों बनाया था?
क्यों?
क्योंकि मुझे लगता था कि कोई ऐसा होगा, जिससे बातें करने के लिए शब्द ढूँढ़ने नहीं पड़ेंगे.
रिद्धिमा ने धीमे से कहा, और अब?
अब शब्द कम पड़ जाते हैं.
दोनों हँसने लगे.
खिड़की के बाहर फिर बारिश शुरू हो गई थी.रिद्धिमा ने फोन कान से लगाए रखा और शीशे पर गिरती बूँदों को देखती रही.
उसे लगा, कुछ ख्वाब पूरे होकर भी खत्म नहीं होते.वे जिंदगी में एक नया सिलसिला शुरू कर देते हैं.जरूरी नहीं कि हर कहानी का कोई मुकाम हो, कुछ कहानियाँ अपने होने भर से खूबसूरत होती हैं.
उसने डायरी बंद की.लिफाफा उसके भीतर सुरक्षित था.
उस पर लिखे शब्द अब किसी अनजान सपने के नाम नहीं थे. आज फिर वही गाना याद आ गया..देखा एक ख़्वाब तो ये सिलसिले हुए… और शायद जिंदगी में कुछ सिलसिले ऐसे ही होते हैं, जिन्हें किसी मंजिल की जरूरत नहीं होती.

इन रचनाओं को भी पढ़ें
सफलता का मंत्र
प्रकृति और चंद्रिका
जब प्रकृति सजाती है धरती का श्रृंगार
नहाय-खाय से शुरू हुआ छठ महापर्व
रहा न अब कोई छोह
हौसला
बंधुत्व का दीपक
मजबूरियाँ
बेटियां दो घर नहीं, दो पीढ़ियों को करती हैं रोशन

3 thoughts on “देखा एक ख़्वाब तो ये सिलसिले हुए…”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *