gulmohar

बंधुत्व का दीपक

मानवता, प्रेम और बंधुत्व का संदेश देता दीपक। बंधुत्व का दीपक

चन्द्रमती चतुर्वेदी

बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा,
जिससे जग का कोना-कोना, दमके स्वर्णिम जैसा।

रुपया-पैसा मान नहीं है, मानवता अनमोल,
खुशियाँ बाँटो, प्रेम लुटाओ, मीठे बोलो बोल।
कीर्ति तुम्हारी जग में चमके, सूर्य-किरण के जैसा,
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा।

स्वार्थ भाव को दूर हटाकर, परहित का व्रत धारो,
भटके हुए मुसाफिर को तुम, मंजिल का पथ दिखलाओ।
किसी निराश हृदय में भर दो, विश्वास नया-नया सा,
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा।

दीप वही जो अँधियारे में, रोशनी बाँटता जाए,
दुख की तपती धूप में बनकर, शीतल छाँव लुटाए।
खुद तक सीमित रहे न जीवन, हो विस्तार गगन सा,
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा।

नहीं अपेक्षा यश की रखना, नहीं मान-सम्मान की,
सेवा से पहचान बनाना, यही रीति इंसान की।
कर्म तुम्हारे बोल उठें तो, नाम गूँजे जग ऐसा,
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा।

मंदिर-मस्जिद बाद में बनें, पहले मन उजियारा हो,
भूखे को भोजन मिल जाए, प्यासे को जलधारा हो।
प्रेम, दया, सद्भाव जगत में, फैले खुशबू जैसा,
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा।

मिट्टी का दीपक बनकर भी, जग को राह दिखाना,
अंधकार से लड़ते-लड़ते, अपना धर्म निभाना।
जीवन का हर कर्म महकता रहे, सुमन-वन जैसा,
बंधु! जलाओ दीपक ऐसा, बिल्कुल सूरज जैसा।

इन रचनाओं को भी पढ़ें
खुशियों भरी दिवाली
श्रीराम आगमन और दीपावली
आओ मिलकर दीपोत्सव मनाया जाय
हर चौखट पर मुस्कान खिले
बेटियां दो घर नहीं, दो पीढ़ियों को करती हैं रोशन
मजबूरियाँ
बंधुत्व का दीपक

2 thoughts on “बंधुत्व का दीपक”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *