बप्पा के दर्शन को पुणे में उमड़ा आस्था का सैलाब
गणेशोत्सव के दौरान पुणे में प्रसिद्ध श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति, मान के पांच गणपति और श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुणे पुलिस ने मध्य शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए हैं। लक्ष्मी रोड, बाजीराव रोड, शिवाजी रोड, तिलक रोड, कुमठेकर रोड और केलकर रोड सहित 12 प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। कई आंतरिक मार्गों को भी आवश्यकता अनुसार बंद किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नदीपात्र क्षेत्र, मंडई पार्किंग, निलायम टॉकीज परिसर और विभिन्न स्कूल-कॉलेज मैदानों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
