साध्वी शाश्वतप्रिया म.सा. आदि ठाणा का भव्य मंगल प्रवेश

साध्वी श्री शाश्वतप्रिया जी म.सा. का महिदपुर रोड में भव्य मंगल प्रवेश

गुरुदेव के जयघोषों से भक्तिरस में सराबोर हुआ महिदपुर रोड नगर

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वॉयर न्यूज, पुणे

महिदपुर रोड- राष्ट्रसंत श्रीमद् विजय जयन्तसेन सूरीश्वर जी महाराजा समुदायवर्ती एवं पुण्यसम्राट गुरुदेव की पोत्री साध्वी श्री शाश्वतप्रिया जी म.सा. आदि ठाणा-4 का नगर में भव्य, ऐतिहासिक एवं भक्तिभाव से ओतप्रोत मंगल प्रवेश बुधवार को संपन्न हुआ। 21 जनवरी की सुबह रूपेटा गांव से विहार कर साध्वी श्री का नगर में आगमन नागदा चौराहा से ढोल-नगाड़ों और मंगल वाद्य के साथ किया गया।

मंगल प्रवेश के दौरान नगर का वातावरण “गुरुदेव की जय हो” के गगनभेदी जयघोषों से गुंजायमान हो उठा। समाजजन श्रद्धा और भक्ति भाव से जुलूस में सहभागी बने। मार्ग में स्थान-स्थान पर समाजजनों द्वारा गहुली कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया गया। यह भव्य जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए श्री राजेन्द्र सूरी ज्ञान मंदिर पहुँचा, जहाँ मंगल प्रवेश धर्मसभा में परिवर्तित हो गया।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए पूज्य साध्वी श्री शाश्वतप्रिया जी म.सा. ने गुरु-भक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु के प्रति सच्ची श्रद्धा और पूर्ण समर्पण ही मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने भावपूर्ण उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार लोहे की कील जल में डालते ही डूब जाती है, उसी प्रकार गुरु-सान्निध्य के बिना जीवन अस्थिर हो जाता है। वहीं गुरु का सान्निध्य उस नाव के समान है, जो जीव को संसार रूपी भवसागर से पार उतार देता है। गुरु ही हमें असत्य से सत्य की ओर और अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाते हैं।

धर्मसभा के दौरान रतलाम चातुर्मास के संदर्भ में जैन श्री संघ अध्यक्ष श्री अजय चोरडिया ने पूज्य साध्वी श्री से नगर में पधारने की विनती की, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। साध्वी श्री की मंगलकारी निश्रा में नगर में आगामी समय में अनेक धार्मिक, आध्यात्मिक एवं प्रभावना संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उक्त जानकारी समाज के मीडिया प्रभारी सचिन भंडारी ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *