जाम में फंसी जिंदगी

मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे पर 16 घंटे का जाम, गैस रिसाव जारी, यात्री बेहाल

खंडाला घाट में गैस रिसाव जारी, 22 घंटे बाद भी नहीं खुला मुंबई–पुणे मार्ग

मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे पर गैस टैंकर पलटा, 10 किमी लंबा जाम, न खाना न पानी

सुरेश परिहार,संपादक, लाइव वॉयर न्यूज

मुंबई/पुणे .
मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम हुए एक भीषण हादसे के बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। खंडाला घाट के आडोशी सुरंग के पास प्रोपाइलीन गैस से भरा एक टैंकर पलटने के कारण पिछले 24 घंटे से अधिक समय से एक्सप्रेसवे पर भारी जाम लगा हुआ है। करीब 10 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम बन गया है और अब तक गैस का रिसाव पूरी तरह बंद नहीं हो पाया है।पुलिस के अनुसार, हालात सामान्य होने में बुधवार शाम तक का समय लग सकता है।

कैसे हुआ हादसा

यह दुर्घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे रायगढ़ जिले के खंडाला घाट क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार में ढलान से उतर रहा गैस टैंकर चालक के नियंत्रण से बाहर होकर पलट गया। टैंकर में प्रोपाइलीन गैस भरी हुई थी, जो अत्यंत ज्वलनशील होती है।हादसे के तुरंत बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे एक्सप्रेसवे पर मौजूद वाहन चालकों में दहशत फैल गई।

अब तक नहीं रुका गैस रिसाव

हादसे के करीब एक दिन बाद भी गैस का रिसाव पूरी तरह बंद नहीं हो सका है। इसी कारण राहत और मरम्मत कार्य में देरी हो रही है। मौके पर पुलिस, अग्निशमन दल और आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात हैं।

10 घंटे में भी तय नहीं हो पा रहा 3 घंटे का सफर

एक्सप्रेसवे पर फंसे यात्रियों का कहना है कि जहां आमतौर पर पुणे से मुंबई का सफर 3 से 4 घंटे में पूरा हो जाता है, वहीं अब 10 घंटे से अधिक समय लग रहा है। कई लोग बीते 10 से 16 घंटे से अपने वाहनों में ही फंसे हुए हैं।

न खाना, न पानी, सूचना की कमी से नाराज यात्री

फंसे यात्रियों ने प्रशासन पर सूचना की कमी का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि उन्हें यह नहीं बताया जा रहा कि जाम कब खुलेगा, जिससे वे आगे की यात्रा की कोई योजना नहीं बना पा रहे हैं।
यात्रियों ने यह भी शिकायत की कि खाने-पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है, और प्रशासन की ओर से बहुत सीमित मदद मिल रही है।

पुलिस ने एहतियातन मार्ग बंद किया

किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया है। मुंबई जाने वाले वाहनों को करीब 2 किलोमीटर तक पुणे की ओर जाने वाले मार्ग से मोड़ा गया है

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

लंबे जाम से परेशान यात्रियों का गुस्सा सोशल मीडिया पर भी देखने को मिल रहा है। लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं और अन्य यात्रियों से इस मार्ग से फिलहाल दूर रहने की अपील कर रहे हैं।

पुलिस और प्रशासन का कहना है कि गैस रिसाव पूरी तरह बंद होते ही रास्ता साफ करने का काम तेज़ी से किया जाएगा और शाम तक यातायात सामान्य होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *