जियोस्टार और वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी आधिकारिक प्रसारण साझेदार

सुरेश परिहार, लाइव वॉयर न्यूज पुणे
भारतीय साइक्लिंग के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. भारत की पहली UCI 2.2 श्रेणी की बहु-चरणीय रोड साइक्लिंग प्रतियोगिता बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 के माध्यम से पुणे ने वैश्विक साइक्लिंग मानचित्र पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है. इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता के वैश्विक प्रसारण के लिए जियोस्टार और वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी को भारत और यूरोप का आधिकारिक प्रसारण साझेदार घोषित किया गया है.

यह प्रतियोगिता 19 जनवरी 2026 से शुरू होगी और पांच दिनों तक चलेगी. इसमें यूरोप, एशिया, ओशिनिया और अफ्रीका से आई 28 टीमों के साइकिल चालक 437 किलोमीटर लंबे चुनौतीपूर्ण मार्ग पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे. दक्कन के पठार और सह्याद्रि पर्वत श्रृंखलाओं से होकर गुजरने वाला यह मार्ग न केवल उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का मंच बनेगा, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को भी वैश्विक दर्शकों के सामने प्रस्तुत करेगा.

पिछले सप्ताह भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान महेंद्रसिंह धोनी को बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 का सद्भावना दूत नियुक्त किया गया था. इसके बाद आयोजकों ने भारत में लाइव प्रसारण के लिए स्टार स्पोर्ट्स और जियोहॉटस्टार तथा यूरोप में लाइव स्ट्रीमिंग के लिए वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के HBO Max और Discovery+ प्लेटफॉर्म को आधिकारिक साझेदार घोषित किया. भारत के बाहर दर्शकों के लिए प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण www.punegrandtour.in वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगा.

इस वैश्विक प्रसारण व्यवस्था के तहत 80 से अधिक देशों में 72 घंटे से ज्यादा का सीधा प्रसारण किया जाएगा. यूरोस्पोर्ट और यूरोस्पोर्ट एशिया मिलकर 61 से अधिक देशों में प्रतियोगिता के हाइलाइट्स दिखाएंगे, जिससे 150 मिलियन से अधिक घरों तक इसकी पहुंच बनेगी.
प्रतियोगिता का लाइव अंग्रेजी कमेंट्री प्रसिद्ध टेलीविजन उद्घोषक नेड बॉल्टिंग करेंगे. उनके साथ पूर्व पेशेवर साइकिल चालक ग्राहम जोन्स और पूर्व भारतीय साइकिल चालक अभिजीत सेठ कमेंट्री करेंगे. पुणे जिला कलेक्टर और बजाज पुणे ग्रैंड टूर के प्रभारी अधिकारी श्री जितेंद्र दुडी IAS ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से पुणे और भारत स्थायी रूप से UCI साइक्लिंग कैलेंडर में अपनी जगह बनाएंगे और भारतीय साइक्लिंग को वैश्विक पहचान मिलेगी.