
सुरेश परिहार, पुणे
उज्जैन. पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण जानकारी जारी की है. रतलाम मंडल से होकर गुजरने वाली गोल्डन टेम्पल मेल के टर्मिनल में किया गया अस्थायी बदलाव अब अगले छह माह तक और जारी रहेगा. यानी मुंबई सेंट्रल से यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों को अब बांद्रा टर्मिनस का रुख करना होगा.
जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार ट्रेन संख्या 12903 मुंबई सेंट्रल-अमृतसर गोल्डन टेम्पल मेल 17 अगस्त तक मुंबई सेंट्रल के बजाय बांद्रा टर्मिनस से ही प्रस्थान करेगी. इसी प्रकार ट्रेन संख्या 12904 अमृतसर-मुंबई सेंट्रल गोल्डन टेम्पल मेल 15 अगस्त तक मुंबई सेंट्रल के स्थान पर बांद्रा टर्मिनस पर ही पहुंचेगी.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि परिचालन कारणों से यह व्यवस्था जारी रखने का निर्णय लिया गया है. इस बदलाव का असर खासतौर पर उन यात्रियों पर पड़ेगा, जो नियमित रूप से मुंबई सेंट्रल से इस ट्रेन में सफर करते हैं.
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट बुकिंग और यात्रा की योजना बनाते समय टर्मिनल में हुए इस बदलाव का विशेष ध्यान रखें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की असुविधा न हो. ट्रेनों के ठहराव, समय-सारणी और कोच संरचना से जुड़ी अद्यतन जानकारी के लिए यात्री आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.