साधु वेश में लूटपाट करने वाला गिरोह धराया

7 आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया ₹1 लाख से ज्यादा का माल बरामद

सुरेश परिहार, पुणे

उज्जैन पुलिस ने हाईवे पर यात्रियों को साधु वेश में निशाना बनाने वाले एक अंतर-राज्यीय गिरोह को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार 11 नवंबर 2025 को साधु के वेश में घूम रहे इस गिरोह ने एक दंपत्ति से मारपीट कर लूटपाट की थी, जिसके मात्र कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने 7 आरोपियों को चेकिंग पॉइंट पर धर दबोचा।

 हाईवे पर पति-पत्नी को रोका और लूट लिया

मगलवार 11 नवंबर 2025 की सुबह करीब 11:30 बजे, भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के निमनवासा मोड़ पर कालियादेह निवासी मंसूर अली (41) अपनी पत्नी हीना बी और दो बच्चों के साथ क्रेटा कार से इंदौर जा रहे थे। हाईवे पर अचानक सात व्यक्ति उनकी कार के सामने आ गए, जिनमें से चार ने साधु के वेश में कपड़े पहने हुए थे। कार रुकते ही आरोपियों ने मंसूर अली और उनकी पत्नी से मारपीट की और उनसे सोने की दो अंगूठियां (कीमत लगभग ₹1 लाख) और ₹5 हजार नकद लूट लिए और घटना के बाद  बदमाश सिल्वर रंग की आर्टिगा कार (DL 2 CAX 9959) में बैठकर फरार हो गए और धमकी दी कि किसी को बताने पर जान से मार देंगे।
पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया : लूटे माल की 100% रिकवरी

मंसूर अली की शिकायत के तुरंत बाद, पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी (चेकिंग) शुरू कर दी। नरवर पुलिस को आरोपियों के हुलिए और आर्टिगा कार के बारे में जानकारी दी गई। कुछ ही देर बाद, नरवर पुलिस ने पालखंदा चेकिंग पॉइंट पर कार को रोककर सातों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लियापुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई दोनों सोने की अंगूठियां, ₹5 हजार नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई आर्टिगा कार जब्त कर ली है।एसपी प्रदीप शर्मा ने देर शाम पुलिस कंट्रोल रूम में इस सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस गिरोह ने शाजापुर की ओर से घट्टिया थाना क्षेत्र के जेथल के पास भी लूटपाट की थी, जिसके पॉइंट मिलने के बाद जिले भर में नाकाबंदी की गई थी।

गिरफ्तार आरोपी और आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार किए गए 7 आरोपियों की पहचान दिल्ली और हरियाणा के अलग-अलग इलाकों के निवासी के रूप में हुई है, जिनमें:

  • बिरजू पिता मिश्री नाथ (45 वर्ष, दिल्ली)
  • राजेश पिता ऋषिपाल नाथ (41 वर्ष, दिल्ली)
  • मगन पिता दिलीप नाथ (19 वर्ष, दिल्ली)
  • अली पिता धर्मवीर नाथ (20 वर्ष, हरियाणा)
  • अरुण पिता मीणा नाथ (25 वर्ष, हरियाणा)
  • रुमाल पिता फुलनाथ (60 वर्ष, दिल्ली)
  • राकेश कुमार पिता सुरेंद्र सिंह राजपूत (45 वर्ष, दिल्ली)

पूछताछ में आरोपियों ने घट्टिया, देवास और शाजापुर में भी इसी तरह की वारदातें करना स्वीकार किया है। बिरजू नाथ और अली नाथ पर पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी हैं, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *