पैंतीस-चालीस की स्त्री

कितनी प्यारी होती है न
पैंतीस-चालीस की स्त्री।
इनकी भरी-भरी काया को देख
जीरो साइज वाली भी रश्क करती।

मौसम कोई भी हो,
घर में सबसे पहले उठती,
बालों को क्लचर से उठाती,
फिर भी चेहरे पर
कुछ बाल बिखेरे रहती।

इनके लापरवाह सौंदर्य की
क्या कहिए, रंभा और मेनका भी
पानी भरती।

सुबह-सुबह ढीली सी कुर्ती
या साड़ी का पल्लू
कमर में खोंसे,
इधर-उधर दौड़ती,
पति की हर आवाज़ पर
“हांजी हांजी” कहती।

कभी बच्चों का टिफिन भरते,
सासु मां को चाय पकड़ा आती,
देवर-ननद-बाई के नखरे
चुपचाप सहती।
क्या ये किसी साध्वी से
कम लगती।

नहाकर जब ये निकलती,
बस बिंदी-टिका लगाती,
इस चेहरे के सामने
बॉलीवुड की लिपीपुती
अभिनेत्री पानी भरती।

कितना शोर करतीं हो!!!
कोई काम ठीक से नहीं करती,
सुन छुपकर टसुए बहाती,
फिर जाकर बर्तनों को पटक
मन हल्का करती।

शाम को पड़ोसिनों संग
हंस-हंस कर बतियाती,
मुफ्त की टानिक ये पीती।
ब्यूटी पार्लर जाने का
इनको समय कहां,
जिम में पसीना नहीं बहाती,
भारी-भरकम शॉपिंग भी नहीं।
बस तीज-त्यौहार में अपने
सारे शौक ये पूरे करती।

तनाव की कोई दवा न ये खाती,
फिर भी खुश रहती।
माथे पर पसीने की बूंदें
घर-गृहस्थी में रमी।
कितनी सुंदर होती हैं
पैंतीस-चालीस वाली स्त्री।

ये पैसे कमाए या न कमाए,
ये रिश्ते कमाती है, नाते जोड़ती,
वात्सल्य लुटाती, प्रेम बिखेरती,
दुख, अभाव और निराशा बुहारती है…
सच, कितनी खूबसूरत होती है
पैंतीस-चालीस वाली स्त्री।

प्रीति दास प्रधान, शिक्षिका एवं लेखिका, भिलाई

7 thoughts on “पैंतीस-चालीस की स्त्री

  1. क्या लिखा है प्रीति जी ,आपने पढ़कर मज़ा आ गया

  2. बहुत ही सुंदर पक्तियों दिल मैं उतर गई लिखने वालों को तह दिल से सलाम करते हैं

  3. प्रीति जी ,
    आपने गृहणी को उसके घर – परिवार को सम्भालने के लिए इतनी सादगीपूर्ण छवि को
    ” सुंदर ” कहा , उसका सम्मान किया । बस , अगर ये अपने किसी भी ग्यान का उपयोग अपने लिए अर्थ – उपार्जन में कर सकें तो किसी पर निर्भर नहीं होंगी , आत्मविश्वास से खुश रह सकेंगी ।

  4. रचना का एक एक शब्द दिल की गहराइयों में उतर गया। अति सुन्दर

  5. रचना का एक एक शब्द दिल की गहराइयों में उतर गया। अति सुन्दर ।

  6. बहुत सुंदर पंक्तियां हैं यथा‍र्थ चित्रण कर नारी का मान बढ़ाया है। अतिउत्‍त्‍म।

    1. बहुत ही सुंदर पंक्तियां ,स्त्री का सजीव चित्रण करती रचना।😊😊

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *