पुराना कोर्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कवियों ने समां बाधां
जमशेदपुर, 15 अगस्त
पुराना कोर्ट परिसर में 15 अगस्त 2025 को सायं 4:30 बजे से स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर काव्य मंच साहित्य कला चौपाल के बैनर तले एक गरिमामय सम्मान समारोह सह काव्य गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का संयोजन मंच की संस्थापक-अध्यक्ष अनीता सिंह, महासचिव कृष्णा दीदी एवं सचिव निवेदिता श्रीवास्तव गार्गी के नेतृत्व में हुआ. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्या वाचस्पति सम्मान के अंतर्गत साहित्यकारों का सम्मान रहा. हरिद्वार में प्राप्त इस प्रतिष्ठित सम्मान की निरंतरता स्वरूप तीन वरिष्ठ साहित्यकारों सविता सिंह मीरा, निवेदिता श्रीवास्तव गार्गी एवं अरविंद तिवारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया.
इस अवसर को और अधिक ऐतिहासिक और यादगार बना दिया स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह जी की परपोती श्रीमती रेनू सिंह के विशिष्ट अतिथि रूप में आगमन ने. उनके करकमलों से सम्मान प्राप्त करना सभी साहित्यकारों एवं उपस्थित जनों के लिए गौरवशाली और अविस्मरणीय क्षण सिद्ध हुआ. कार्यक्रम में देशभक्ति की भावनाओं से ओत-प्रोत कविताओं का पाठ हुआ. कवियों ने स्वतंत्रता संग्राम की गाथाओं, बलिदानों की स्मृतियों और राष्ट्रप्रेम से जुड़ी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया.

संस्थापक अध्यक्ष अनीता सिंह ने अपने प्रेरक मार्गदर्शन से न केवल कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई, बल्कि उपस्थित सभी साहित्यकारों और श्रोताओं को आत्मीयता का अनुभव कराया. विशेष रूप से, रेनू सिंह जी से ऐतिहासिक परिचय कराना उनके अथक प्रयास और साहित्यिक परिवार के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा. सम्मानित किए गए साहित्यकारों ने कहा कि अनीता जी ने जिस आत्मीयता और गरिमा के साथ हमारे सम्मान को सम्मानित किया, हम उनके प्रति कृतज्ञ हैं. किताबों में जिन स्वतंत्रता सेनानियों की गाथाएँ पढ़ी थीं, उनकी परपोती से मिलना आज की संध्या को और भी गौरवपूर्ण बना गया.
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ. संपूर्ण संध्या साहित्य, संस्कृति और देशभक्ति की अद्भुत त्रिवेणी का अनुपम संगम बनकर उपस्थित जनों के हृदयों में अमिट छाप छोड़ गई.

जमशेदपुर से सवितासिंह मीरा की रिपोर्ट
हार्दिक बधाई 💐💐