स्टेशन पर तुलेगा सामान, एक्स्ट्रा लगेज पर ज्यादा किराया

अब रेल यात्रा के दौरान अतिरिक्त सामान ले जाना महंगा पड़ सकता है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार, 17 दिसंबर को लोकसभा में स्पष्ट किया कि ट्रेन में तय सीमा से अधिक सामान ले जाने पर यात्रियों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

लोकसभा में यह जानकारी सांसद वेमिरेड्डी प्रभाकर रेड्डी के प्रश्न के उत्तर में दी गई। रेल मंत्री ने बताया कि वर्तमान में यात्रियों द्वारा अपने साथ ले जाए जाने वाले सामान की श्रेणीवार अधिकतम सीमा पहले से ही निर्धारित है। यदि कोई यात्री इस निर्धारित सीमा से अधिक सामान लेकर यात्रा करता है, तो उससे अतिरिक्त भुगतान लिया जाएगा।

अश्विनी वैष्णव ने सदन में लिखित उत्तर के माध्यम से बताया कि रेलवे यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू कर रहा है। अतिरिक्त और अनियंत्रित सामान के कारण डिब्बों में अव्यवस्था, सुरक्षा जोखिम और यात्रियों को असुविधा होती है। इसी को देखते हुए अब स्टेशन पर ही सामान का वजन किया जाएगा और नियमों के अनुसार शुल्क वसूला जाएगा। रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को यात्रा से पहले अपने सामान की मात्रा पर ध्यान देना होगा। माना जा रहा है कि इस कदम से ट्रेनों में भीड़भाड़ कम होगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित व आरामदायक सफर मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *