संतोष कुमार झा का कविता संग्रह “स्याही का सिपाही”

मुंबई से गजानन महतपुरकर की रिपोर्ट

हिंदी दिवस के अवसर पर गांधीनगर, गुजरात में आयोजित 5वें अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड (केआरसीएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संतोष कुमार झा के चौथे काव्य संग्रह “स्याही का सिपाही” का विमोचन किया गया। पुस्तक का विमोचन भारत सरकार के केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, वैज्ञानिक डॉ. आनंद रंगनाथन और भारत सरकार की सचिव (राजभाषा) श्रीमती अंशुलि आर्या द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

उल्लेखनीय है कि श्री संतोष कुमार झा एक अनुभवी प्रशासक और रेलवे के पेशेवर अधिकारी होने के साथ-साथ एक प्रख्यात कवि भी हैं। उनके तीन प्रकाशित कविता संग्रहों के साथ वे अपनी चिंतनशील और भावपूर्ण रचनाओं के माध्यम से हिंदी साहित्य में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, जिसके लिए महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी और रेल मंत्रालय सहित विभिन्न संस्थाओं द्वारा उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कार भी मिल चुके हैं।

उनकी चौथी पुस्तक का विमोचन कोंकण रेलवे के कुशल नेतृत्व के साथ साहित्य के प्रति उनके समर्पण को बखूबी दर्शाता है। उनकी पिछली कृतियों ”उन्मुक्त”, ”सूरज का वारिस” और ”फूल, कलम और बंदूक” के बाद “स्याही का सिपाही” उनकी साहित्यिक यात्रा को और सशक्त बनाती है। साथ ही, उनके विशिष्ट पेशेवर करियर को और सुदृढ़ करते हुए रेलकर्मियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और भाषाई विरासत में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करती है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में समाज के विभिन्न स्तरों पर श्री झा को हार्दिक बधाई और अभिनंदन का सिलसिला निरंतर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *