इंदौर को चटोरों का शहर कह विदा हुए खेमराज मीना

रतलाम रेलवे डिविजन पीआरओ का अहमदाबाद तबादला

इंदौर से वरिष्ठ पत्रकार कीर्ति राणा की रिपोर्ट

इंदौर।
रतलाम रेलवे डिविजन के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) खेमराज मीना का इसी पद पर अहमदाबाद तबादला हो गया है। वे इंदौर में लगभग साढ़े चार वर्ष तक पदस्थ रहे। उनके स्थान पर रतलाम से मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक मुकेश कुमार को पदोन्नत कर इंदौर पदस्थ किया गया है। मुकेश कुमार ने मंगलवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया।

विदाई अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए खेमराज मीना ने अपने कार्यकाल की सफलता का श्रेय मीडिया से सौहार्दपूर्ण संबंधों को दिया। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपनी ड्यूटी को चुनौती नहीं, बल्कि जिम्मेदारी मानकर करता है, तो काम सहज हो जाता है। उन्होंने कहा कि इंदौर में रहना उन्हें बेहद सुखद अनुभव लगा। इंदौर के लोग मिलनसार हैं और शहर इतना अपनापन देता है कि राजवाड़ा से पूर्व या पश्चिम किसी भी दिशा में जाएँ, कोई न कोई परिचित मिल ही जाता है।
उन्होंने इंदौर को “मीडिया का हब” बताते हुए कहा कि यहाँ प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और फोटोग्राफर सभी अत्यंत सक्रिय हैं। साथ ही उन्होंने इंदौर को “चटोरों का शहर” भी कहा, जहाँ खाने-खिलाने का शौक बेमिसाल है।

क्षेत्राधिकारी एच.आर. मीणा ने कहा कि खेमराज मीना विभाग का चेहरा रहे हैं। मीडिया द्वारा इंगित कमियों को उन्होंने सकारात्मक रूप से लेकर सुधार किया, यही कारण है कि उनका कार्यकाल सफल रहा।

नवागत पीआरओ मुकेश कुमार ने कहा कि मीडिया से मैत्रीपूर्ण संबंधों की परंपरा आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि मीडिया को सटीक और त्वरित जानकारी उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि इंदौर स्टेशन रिडेवलपमेंट, इंदौर–दाहोद और मनमाड़ लाइन सहित अन्य परियोजनाओं की जानकारी जनसंपर्क विभाग के माध्यम से साझा की जाएगी। जनसंपर्क विभाग को उन्होंने टू-वे कम्युनिकेशन का माध्यम बताया।

45 वर्षीय मुकेश कुमार ने अपने रेलवे करियर की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने अहमदाबाद में टेक्नीशियन ग्रेड-3 की परीक्षा पास की थी। पहली पोस्टिंग रतलाम में मिली। वर्ष 2008 में डीआरएम कार्यालय में स्टेनो पद पर पदोन्नति हुई। वर्ष 2012 में पीआरआई परीक्षा उत्तीर्ण कर क्रमशः सीनियर और चीफ पीआरआई पदों पर कार्य किया। इंदौर में यह उनकी पहली पदस्थापना है।

वरिष्ठ पत्रकार कीर्ति राणा ने अहमदाबाद जा रहे पीआरओ मीना को सुझाव दिया कि वे वहां चल रहे विकास कार्यों और बुलेट ट्रेन परियोजना का अवलोकन कराने के लिए इंदौर के पत्रकारों को आमंत्रित करें। वहीं नवागत पीआरओ मुकेश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि इंदौर मीडिया पूरा सहयोग करेगा, बशर्ते व्यवहार खट्टे-मीठे मिक्चर जैसा संतुलित रहे। पत्रकार सागर चौकसे ने भी दोनों अधिकारियों के प्रति शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।

इस अवसर पर रेलवे स्टाफ द्वारा खेमराज मीना को स्मृति चिह्न भेंट कर विदाई दी गई। विदाई समारोह का संचालन संतोष कुमार मिश्रा ने किया।

🔹 संदीप शर्मा रतलाम पदस्थ हो सकते हैं
इंदौर रेलवे में मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक संदीप शर्मा के तबादले के आदेश इसी सप्ताह जारी होने की संभावना है। उन्हें इसी पद पर रतलाम पदस्थ किया जा सकता है। यह पद मुकेश कुमार की पदोन्नति के बाद रिक्त हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *