पश्चिम रेलवे का डिजिटल टिकटिंग अभियान
मुंबई।
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को RailOne ऐप के माध्यम से डिजिटल, त्वरित और कैशलेस टिकटिंग अपनाने के लिए एक व्यापक जन-जागरूकता एवं प्रचार अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य यात्रियों की सुविधा बढ़ाना और यात्रा को अधिक सुगम बनाना है। RailOne ऐप एक एकीकृत मोबाइल प्लेटफॉर्म प्रदान करता है, जिसके जरिए यात्री आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट, रियल टाइम ट्रेन जानकारी, ग्राहक सहायता, ऑर्डर योर फूड, रिफंड और रेल मदद जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
स्टाफ प्रशिक्षण और प्रचार अभियान
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि टिकट बुकिंग और चेकिंग स्टाफ के साथ-साथ पर्यवेक्षकों को RailOne ऐप की विशेषताओं के बारे में संवेदनशील किया गया है, ताकि वे यात्रियों को मार्गदर्शन और प्रेरित कर सकें। प्रमुख स्टेशनों पर सहायता काउंटर, पोस्टर, पर्चे और PA घोषणाएँ चलाकर यात्रियों को ऐप के उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कैशबैक और डिजिटल भुगतान प्रोत्साहन
अतिरिक्त प्रोत्साहन के रूप में, RailOne ऐप पर सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से अनारक्षित टिकट बुक करने वाले यात्रियों को 3% छूट मिलेगी। यदि यात्री R-Wallet के माध्यम से भुगतान करते हैं, तो उन्हें 3% कैशबैक भी मिलेगा। यह सुविधा 14 जनवरी, 2026 से 14 जुलाई, 2026 तक लागू रहेगी।
यूटीएस ऐप से स्थानांतरण आसान
वर्तमान में यूटीएस ऐप का उपयोग कर रहे यात्रियों को RailOne ऐप पर सरल माइग्रेशन प्रक्रिया के जरिए स्थानांतरित होने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह सुनिश्चित करता है कि यात्री अपने उपयोगकर्ता क्रेडेंशियल्स और सेवाओं का निरंतर लाभ उठा सकें। स्टेशनों पर QR कोड स्कैनर और रेलवे के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए ऐप तक आसान पहुँच भी सुनिश्चित की जा रही है।
एकीकृत और स्मार्ट यात्रा अनुभव
RailOne ऐप की मदद से यात्री सिर्फ टिकट बुकिंग ही नहीं करेंगे, बल्कि रेअल टाइम ट्रेन ट्रैकिंग, कोच पोजिशन, वीडियो/ऑर्डर योर फूड और ग्राहक सहायता जैसी सुविधाओं का भी लाभ उठा सकते हैं। ऐप का इस्तेमाल करके यात्री अपनी यात्रा को सुरक्षित, सुविधाजनक और कैशलेस बना सकते हैं।
विनीत अभिषेक ने विशेष रूप से यूटीएस ऐप उपयोगकर्ताओं से आग्रह किया कि वे RailOne ऐप पर स्थानांतरित होकर इसकी सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएँ। इस पहल से पश्चिम रेलवे यात्रियों को स्मार्ट, आरामदायक और डिजिटल अनुभव प्रदान कर यात्रा को और सरल बना रहा है।