gulmohar

कोठरी में कैद अल्हड़ मन

खिड़की के पास बैठा व्यक्ति खुली डायरी और किताब के साथ अपने शौक के बारे में सोचता हुआ जिम्मेदारियों के बीच अपने शौक और इच्छाओं के लिए भी थोड़ा समय निकालिए।

अंजू सुंदर, लखनऊ

जीवन की गहमा-गहमी में न जाने कितने दृश्य नज़रों से चूक जाते हैं. न जाने कितनी इच्छाएँ बचपन वाली डायरी में बंद धूल फाँक रही हैं. न जाने कितने पल सही पलों की बाट जोह रहे हैं. कितनी अर्निमाओं को हम रोज़ यूँ ही हाथों से जाने देते हैं. कितने चाँद हमारी छतों पर मुँह बाए यूँ ही विदा हो जाते हैं. घास पर पड़ी ओस हमारी छुअन को न जाने कब से तरस रही है. कानों में रस घोलती शामें न जाने कहाँ गुम हो गईं.

सोचिए, जब हमने युवावस्था में कदम रखा था, तो कितने ज़िंदादिल थे! समझदारी के इस वन ने हमसे हमारा वो हिस्सा जुदा कर दिया, जिसको बचाए रखना हमारी पहली ज़रूरत थी. हमारा अल्हड़ मन और उसमें दबी इच्छाएँ, जो वक़्त की रेस में बहुत पीछे छूट गईं. हमने भी उन्हें प्राथमिकता न देकर एक कोठरी में कैद कर दिया और दरवाज़े पर शर्तों वाली एक तख्ती लटका दी. जिस पर लिखा है कि आप खुद के लिए गौण हैं. हमने घूमने-फिरने के लिए उस उम्र को दावत दे रखी है, जब हमारे घुटने और कमर हमें सीधा खड़ा भी न होने देंगे. हमने अपने शौक को ज़रूरतों के बाद वाली बोगी में बिठा रखा है और ये ज़रूरतें हैं कि उम्र के साथ बढ़ती ही जा रही हैं.

लगातार एक ही तरह का कार्य करते रहने से हमारी कार्यक्षमता में कमी आती है. न नए विचार आते हैं, न ही सीखने की प्रवृत्ति में कुछ सुधार होता है. मनोविज्ञान की भाषा में इसे अधिगम का पठार कहते हैं. इस स्थिति से निपटने के लिए हम उन गतिविधियों को बढ़ाएँ, जिनसे हमारा मन और ऊर्जा दोबारा केंद्रित हो सकें. लोग लगातार बढ़ती प्रतिस्पर्धा में तनाव, अवसाद और गंभीर मानसिक बीमारियों का शिकार बन रहे हैं. लेकिन अपनी रखकर भूल गई शक्तियों को वापस प्राप्त करने में झिझक रहे हैं. हमने जिन चीज़ों को फ़िज़ूल समझकर अपने दिमाग़ के स्टोररूम में कैद कर दिया है, वही हमारे मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के सबसे सस्ते और रुचिकर साधन थे. तो आइए –

* किताबों की तरफ़ हाथ बढ़ाइए. यक़ीन मानिए, किताबें आपका साथ नहीं छोड़ेंगी.

* यात्राएँ चुनिए. ये झरने, नदियाँ, पहाड़, समंदर, मरुस्थल, सब आपसे बातें करते हैं और क्या पता, कोई नई कहानी आपके इंतज़ार में हो.

* डायरी लिखिए. मन की कशमकश को शब्द दीजिए. वो लिखिए, जो कह पाना मुश्किल होता हो.

* स्वयं को स्वीकार कीजिए. आप कोई दैवीय अवतार नहीं हैं, साधारण इंसान हैं, जो गलतियों का पुलिंदा है. खुद से ही सीखिए और जैसे हैं, वैसे ही खुश रहना सीखिए.

* संगीत से दोस्ती बनाए रखिए. अच्छा संगीत हमारा मानसिक उपचार करता है. हम साथ रो सकते हैं, हँस सकते हैं और ख़्वाब सजा सकते हैं.

* बनिए-सँवरिए. खुद को अच्छा देखकर जो मानसिक तृप्ति मिलती है, वो अवर्णनीय है. आईना आपका आत्मविश्वास बढ़ा भी सकता है.

* अपनी धुन में रहिए. जागरूक रहें व बेकार का बोझ न उठाएँ.

* अच्छे दोस्त बनाइए. ये तनाव देंगे, पर तनाव में जाने नहीं देंगे.

* प्रकृति से जुड़िए. नर्म धूप, चाँदनी, बारिशें, पौधे, हवाएँ, ये सब हमें सकारात्मक ऊर्जा से रू-ब-रू करवाते हैं. इनसे भागिए मत, इनमें खो जाइए.

* आज में जिएँ. कल सिर्फ़ एक धुँध है. इसीलिए किसी भी इच्छा को कल पर उधार न छोड़िए.

दुनिया बची रही तो काम तो होते ही रहेंगे. थोड़ा वक़्त खुद से, खुद के लिए माँगकर अपनी मानसिक शक्ति को पुनः केंद्रित किया जा सकता है. अपनी व्यावहारिक चालाकी और दुनियादारी को खूंटी पर टाँगकर एक नई इबारत लिखिए. याद रखें कि लंबी आयु, निरोगी काया और कामयाबी के लिए सबसे ज़रूरी है—मन को खिलने देना.

One thought on “कोठरी में कैद अल्हड़ मन”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *