
किरण बरनवाल
शायद सच कहा हो उन्होंने… ना, नहीं, यह हो ही नहीं सकता, बिल्कुल गलत बात है! मन-मस्तिष्क में मंथन चल रहा था। पता नहीं क्या सच है, क्या झूठ? कहने वालों का क्या? पवन के उड़ते वेग को किसी ने पकड़ पाया है! पकड़ने की चाह में नाकामयाबी ही मिली है। वैसे भी दुनियादारी का उसूल है कि जो हाथ नहीं आते, उनमें बस खोट ही निकालते हैं। गला काट दो इस कदर कि गले मिलना भी चाहो तो मिल न सको। इसी फलसफे पर तो दुनिया चल रही है आजकल।
कुछ महीने पूर्व बगल के फ्लैट में रहने आई युवा लड़की सबके आकर्षण का केंद्र थी।
कुछ बात तो थी उस लड़की में, जो आज की पीढ़ी में देखने को नहीं मिलती।
अब वही लड़की अनसुलझी पहेली बनकर मेरे दिलो-दिमाग पर यूँ छाती जा रही थी, जैसे अमरबेल किसी वृक्ष की शाखाओं पर लिपट जाती है। जैसे-जैसे लिपटती जाती है, वैसे-वैसे वृक्ष ठूँठ बनता जाता है। कहीं यह अनचाही बेल मुझसे लिपटकर मेरे आदर्शवादी व्यक्तित्व पर ही ग्रहण न लगा दे, सोचकर ही काँपने लगी थी।
मैं भारतीय संस्कारों में बँधी, पति और परिवार के इर्द-गिर्द घूमती, अपने घर को ही संसार समझती थी। इस युवती से पहले नजरों से अभिवादन का आदान-प्रदान हुआ, फिर धीरे-धीरे मेरी आँखें उसके क्रियाकलापों का पीछा करने लगीं। शालीनता और सलीके से पहने कपड़े, सौम्य और सुंदर व्यक्तित्व किसी को भी बरबस अपनी ओर खींच लें, पर उसकी आँखों में बसी वीरानगी और होंठों पर हर वक्त की चुप्पी बहुत रहस्यमय लगती थी। किसी से कोई मतलब नहीं, एक आवरण ओढ़े अपने खोल में घुसी रहती। नियत समय पर ताला लगते और खुलते देख मुझे लगा कि शायद नौकरीपेशा है और हम जैसी गृहस्थन से मिलना तौहीन समझती हो।
फिर भी हमने चाय-नाश्ते के बहाने दोस्ती का हाथ बढ़ाया तो उसने भी मुझे दीदी के रिश्ते में बाँधकर गले लगा लिया। पता चला कि किसी एनजीओ में काम करती है। अनाथ और वासना की शिकार लड़कियों के दर्द के बारे में बातें करती उस उम्र में मुझसे आधी लड़की को मैं एकाएक खुद से ज्यादा बड़ी समझने लगी। धीरे-धीरे प्रगाढ़ता बढ़ती चली गई, पर जब भी मैं उसके विवाह की बात करती, तो हल्की मुस्कान के साथ बात बदल देती।
“दीदी, मेरा जीवन उन लोगों के लिए है, जिन्हें उनके परिवार के साथ समाज ने भी त्याग दिया है। कुछ करना चाहती हूँ उनके लिए…”
गंभीरता से कहते-कहते न जाने अचानक खामोशी के साथ किस दुनिया में चली जाती। विचित्र-सी लगती थी यह लड़की, पर उससे मोह-माया बढ़ती जा रही थी। समाजसेविका के रूप में, आयु में छोटी होने के बावजूद, पूजनीय लगती। निस्वार्थ भाव से उसने अपना जीवन उनके लिए समर्पित कर दिया था, जो समाज की जीवनधारा से कट गए थे या काट दिए गए थे। मैं भी पति से छिपाकर गाहे-बगाहे उन लोगों के लिए उस लड़की को कुछ पैसे दे आती और दिल ही दिल में समाज के लिए कुछ न कर पाने की व्यथा से उबरने की कोशिश करती।
आज सुबह से ही अंदर ही अंदर एक अजीब-सी बेचैनी हो रही थी। मौसम का मिजाज भी बिगड़ने लगा था। हवा के साथ धूल इस तरह उड़ रही थी, मानो सब बर्बाद करके ही छोड़ेगी। बार-बार भगवान के आगे माथा टेकती। किसी अनहोनी की आशंका से मन भयभीत हो रहा था। तभी बगल की भाभी ने आत्मीयता दिखाते हुए बम विस्फोट किया…
जिस लड़की को मैं मानवता, करुणा और आदर्श की देवी मानती थी, वह तो पेशेवर कोठे वाली थी। कल उनके पति ने उस लड़की को उस जगह देखा था, जहाँ कुलीन घर की लड़कियाँ पैर रखना भी अपमान समझती हैं।
उनकी बातें मेरे सिर से पार हो रही थीं, पर अविश्वास करने का कोई मजबूत आधार भी नहीं था, क्योंकि सबूत के तौर पर मोबाइल से ली गई तस्वीर सामने थी। सिर भन्ना रहा था। कैसे हो सकता है यह? अमावस्या की स्याह रात में शायद कुछ गलतफहमी हुई हो। उसकी सुनहरी छवि, जो दिल में बसी थी, कैसे धूमिल पड़ सकती है? ना, ना! तस्वीर तो उसी की है, पर ऐसे परिधानों और लीपे-पुते चेहरों के बीच वही तो थी, जिसे हमने अपना आदर्श बना रखा था।
कैसी मासूम-सी लगती थी! खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही थी। उस लड़की के प्रति विश्वास चूर-चूर हो रहा था, पर दिल मानने को तैयार ही नहीं हो रहा था। सूखे पत्ते की तरह मन भी हवा के साथ उड़ रहा था। नहीं, नहीं, वह फूल-सी कोमल दिल की मल्लिका ऐसी नापाक हरकत कर ही नहीं सकती। दिल में चलते झंझावात को दिन भर किसी तरह उसके वापस आने तक रोके रखा, पर वह और समाज के लिए कुछ करने का उसका जज्बा चलचित्र की भाँति आँखों के सामने से गुजर रहे थे। शरीर अनजाने भय से काँप रहा था। कैसे कोई मेरी भावनाओं से खेल सकता है? पति और बच्चे मुझे ‘इमोशनल फूल’ कहते हैं, तो गलत नहीं कहते।
दोपहर से ही रह-रहकर बारिश हो रही थी। पता नहीं, उफनती भावनाएँ थीं या पराजित होने का गम, मेरी आँखें भी भर आती थीं। नजरें खिड़की से बाहर बस उसे ही ढूँढ़ रही थीं। कब आए और कब मुझे सच्चाई पता चले!
ताला खुलने की आवाज सुनकर अकचकाकर बालकनी में आकर उसे निहारने लगी। वही मासूमियत… दिमाग पर दिल हावी होने लगा। झूठी बात है सब। सुनहरी चिड़िया के पर कतरने का तरीका है यह। आत्मग्लानि भी हो रही थी। कैसे किसी की बातों में आकर उस पर शक करने लगी!
बारिश के कारण मौसम कुछ ठंडा-सा हो गया था। फटाफट चाय-पकौड़े लेकर उसका दरवाजा खटखटा दिया। शायद ग्लानि से उबरना चाह रही थी।
उसी भोलेपन के साथ उसने अभिवादन किया, जिसने मुझे एक अनाम रिश्ते में बाँध दिया था। कुछ परेशान दिख रही थी। बातों-बातों में नौ साल की बच्ची का जिक्र करने लगी, जिसे किसी वहशी ने अपना शिकार बनाकर रास्ते में फेंक दिया था। उसकी आँखों में पहली बार गुस्सा दिखाई दे रहा था, पर मेरा मन तो सच्चाई जानने के लिए भटक रहा था। पूछ बैठी, “कल रात तुम कहाँ थीं? उस मोहल्ले में किसकी सेवा कर रही थीं, जहाँ सभ्य लोग कदम भी नहीं रखते?”
खामोशी ने चादर पसार ली। कोई जवाब नहीं। शायद इस सवाल के जवाब के लिए तैयार नहीं थी या कुछ बताना नहीं चाह रही थी। मैं भी आज प्रण करके आई थी कि बिना सच जाने यहाँ से नहीं जाऊँगी।
उत्ताल तरंगों के बीच वायु के समुद्र की भाँति उसकी साँसें चल नहीं रही थीं, तैर रही थीं। बार-बार कुरेदने पर वह एकाएक मेरी तरफ पलटी।
“क्या जानना चाहती हैं आप? उस बदनाम गली में क्या कर रही थी मैं, यही ना! क्या करेंगी जानकर? मुझसे सहानुभूति जताकर क्या सुनना चाहती हैं? आवाज की मखमलियत कहीं खो गई थी। हाँ, मैं वहाँ थी, पर आपको जिसने यह सब बताया, उनसे पूछिए कि वे वहाँ क्या कर रहे थे? रातें रंगीन करने के लिए वे आएँ तो भी सभ्य और हम लड़कियाँ मजबूरी में धकेल दी जाएँ तो बदनाम तवायफ कहलाएँ!”
लंबी साँस छोड़ते हुए फिर उसने कहा, “दीदी, मैंने कोठे पर जन्म नहीं लिया था। धकेल दी गई थी।”
धीरे-धीरे उसने बताना शुरू किया।
“खानदानी और अमीर परिवार में जन्मी थी मैं। अपने माता-पिता और भाई के साथ किसी शादी से वापस लौट रही थी। रास्ते में कार दुर्घटना में सब मारे गए और मैं बदकिस्मत घायल पड़ी मदद की गुहार लगा रही थी। मानवीय संवेदनाओं से शून्य समाज में किसी ने आगे बढ़कर मदद की भी तो किसी घायल के लिए नहीं। उसे तो अपने बाजार में सजाने के लिए एक नगीने की जरूरत थी, जो नारी देह के रूप में पंद्रह साल की लड़की मिल गई।
घाव तो समय के साथ भर गए, पर मन पर प्रतिदिन कोड़े चलते। हर रात दुल्हन बना दी जाती, अलग-अलग दूल्हों की। विरोध करने पर मारपीट के साथ खाना भी बंद कर दिया जाता। कच्ची उम्र की लड़कियों को धंधे में धकेलकर ये हराम की रोटी खाते। अंदर से सुलगती रहती, पर कुछ नहीं कर पाती।
ईश्वर से विश्वास उठ चुका था, पर वहाँ से भागने के लिए कृतसंकल्प रहती। और एक दिन मुझे उस काली कोठरी से भागने का सौभाग्य मिला। नहीं जानती थी कि अब क्या होगा! ननिहाल-ददिहाल वालों ने मेरी कहानी सुनकर समाज के डर से मुझे अपनाने से इनकार कर दिया। मेरे पास जिंदा रहने का कोई आधार नहीं था। आत्महत्या करने गई तो एक समाजसेविका के हाथों बचा ली गई और यहीं से मेरे जीवन में बदलाव आया। उनके साथ ने मेरे खोए स्वाभिमान को जगाया।
चक्रव्यूह में फँसे अभिमन्यु की तरह अब बस युद्ध ही धर्म था, युद्ध ही कर्म था। मुझे युद्ध में उतरना था उन दरिंदों के खिलाफ, जो लड़कियों को देह मात्र समझकर उन्हें रौंदना अपना अधिकार समझते हैं।
मेरे पास दो रास्ते थे। या तो लड़ो या नियति समझकर घुटने टेक दो। पर मन नहीं मानता। मैं तो निकल गई, पर मेरी जैसी कितनी बेगुनाह आज भी जहन्नुम की जिंदगी जीने को विवश हैं! मैंने जो झेला, वह किसी और मासूम को न भोगना पड़े। हाँ, दीदी, मैं गई थी उस बदनाम गली में, पर वेश्यावृत्ति करने नहीं। मेरी तो कोशिश होती है कि हर उस लड़की को नरक से निकाल सकूँ, जो अनजाने में यहाँ आ फँसी है। उनकी जरूरतों और इलाज के लिए चंदा इकट्ठा करती हूँ। हमारे जैसे कुछ लोग उन्हें साक्षर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अगर मैं गलत हूँ और सभ्य समाज के लायक नहीं हूँ, तो मंजूर है मुझे… बार-बार जाऊँगी वहाँ।”
मैं बुत बनी उसकी बात सुनी जा रही थी। इतनी कम उम्र में इस लड़की ने क्या-क्या झेला था! उफ्फ! आँखें थीं कि बरबस बरसती ही जा रही थीं। दम साधे उसे अकेला छोड़ वापस आ गई। आखिर इज्जतदार घर की बहू एक तवायफ से कैसे रिश्ता रख सकती है!
दूसरे दिन मेरी नजर फिर ताला लगाती उस समाजसेविका पर जा ठहरी। चाहकर भी कुछ बात न कर सकी। निरीह नजरों से उसने मुझे ऐसे देखा कि कंपकंपाती ठंड में भी मैं पसीने से तर-बतर हो गई।
दिल ने उस लड़की के साहस को और समाज की ठुकराई महिलाओं के प्रति कुछ करने के जज्बे को सलाम किया। दरवाजे पर ताला आज भी बंद है और मैं उसे ढूँढ़ती फिर रही हूँ… शायद कहीं मिल सके वह और पहले की तरह फिर गले लगा सकूँ।
इन रचनाओं को भी पढ़ें और अपनी प्रतिक्रियाएं अवश्य दें
मुन्ना से कीर्ति राणा
ईशमधु तलवार स्मृति शाकुन्तलम सम्मान 2026 जयपुर की लेखिका संतोषी को
सफ़र की यादें
मेरी अर्थी
जीवनधारा: बदनाम गली में इंसानियत की तलाश
‘रिहाई’
वर्तमान की गुफ्तगू
मुन्ना से कीर्ति राणा
प्यार का इंतज़ार

4 thoughts on “जीवनधारा: बदनाम गली में इंसानियत की तलाश”